Ranchi News : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने 14वीं JPSC परीक्षा के परिणाम और राज्य की विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर हेमंत सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार अन्याय हो रहा है और अधिकांश भर्ती परीक्षाएं विवादों में घिरती जा रही हैं।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 14वीं JPSC परीक्षा का परिणाम कट-ऑफ जारी किए बिना घोषित किया गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि केवल 15 दिनों के भीतर अगली परीक्षा कराने की जल्दबाजी क्यों की जा रही है। उनके अनुसार, अभ्यर्थियों को OMR शीट उपलब्ध नहीं कराई गई और सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी का भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
लंबित भर्तियों और रद्द परीक्षाओं का उठाया मुद्दा
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने पैरामेडिकल भर्ती का विज्ञापन रद्द कर दिया, सचिवालय आशुलिपिक भर्ती निरस्त कर दी और JSSC LDC भर्ती भी रद्द कर दी। इसके अलावा झारखंड पुलिस भर्ती के 4,919 पदों का री-नोटिफिकेशन अब तक जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लाखों पद खाली हैं, लेकिन पर्याप्त नियुक्तियां नहीं की जा रही हैं। इससे बड़ी संख्या में युवा असमंजस और निराशा की स्थिति में हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चल रही भर्ती प्रक्रियाओं में कई स्तरों पर गड़बड़ियां हो रही हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्रों को जानबूझकर विवादों में उलझाया जा रहा है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने कहा कि हर अति का अंत होता है।