Ranchi News: राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने मंगलवार को हरमू चौक इलाके में अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे वर्षों से संचालित हो रही 20 से अधिक अस्थायी दुकानों को हटाया गया. नगर निगम की टीम बुलडोजर और अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए हलचल का माहौल रहा.
कार्रवाई के दौरान हुआ विरोध
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का कई दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने विरोध किया. दुकानदारों का कहना था कि वे लंबे समय से इसी स्थान पर कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. अचानक दुकान हटने से उनके सामने आय का कोई दूसरा साधन नहीं बचेगा.
10 साल से दुकान चला रहे हैं व्यापारी
प्रभावित दुकानदारों के मुताबिक, कई लोग पिछले करीब एक दशक से हरमू चौक के आसपास दुकान लगाकर जीवनयापन कर रहे हैं. उनका कहना है कि यदि प्रशासन उन्हें हटा रहा है तो पहले वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो.
नगर निगम ने बताई कार्रवाई की वजह
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, हरमू चौक से रातू रोड, अरगोड़ा और बिरसा चौक तक का मार्ग राजधानी के सबसे व्यस्त रूटों में शामिल है. इस सड़क पर नियमित वीआईपी आवागमन भी होता है. सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और जाम की समस्या बढ़ जाती है. इसी वजह से अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर के अन्य इलाकों में भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस और चेतावनी दी जा चुकी थी. इसके बावजूद सड़क पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.