Ranchi News : झारखंड सरकार ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 65 करोड़ 16 लाख 16 हजार रुपये का बजट जारी किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जारी यह राशि आउटसोर्सिंग के माध्यम से विभिन्न आवश्यक सेवाओं के संचालन पर खर्च की जाएगी।
इस बजट के जरिए अस्पतालों में सफाई व्यवस्था, हाउसकीपिंग, लॉन्ड्री, सुरक्षा, नर्सिंग और पैरामेडिकल सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा एंबुलेंस और अन्य वाहनों के चालक, लिफ्ट व मशीन ऑपरेटर तथा आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्ति की जाएगी।
राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों को मिलेगा लाभ
सरकार की इस योजना का लाभ राज्य के पांच प्रमुख मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों को मिलेगा। इनमें धनबाद का शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग का शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमशेदपुर का एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पलामू का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा दुमका का फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शामिल हैं।
आउटसोर्सिंग एजेंसियों के लिए तय किए गए सख्त नियम
स्वास्थ्य विभाग ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों के लिए कई अनिवार्य शर्तें भी निर्धारित की हैं। कर्मचारियों को सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान नहीं किया जा सकेगा। सभी कर्मचारियों का वेतन हर महीने की 15 तारीख तक सीधे उनके बैंक खाते में भेजना होगा। कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन से दर्ज करना अनिवार्य रहेगा और ईपीएफ सहित अन्य वैधानिक अंशदान भी समय पर जमा करना होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि भुगतान से पहले कर्मचारियों की उपस्थिति का सत्यापन किया जाएगा। यदि किसी प्रकार का गलत भुगतान पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।