Lohardaga News : लोहरदगा पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए हत्या की एक बड़ी साजिश को विफल कर दिया। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार बरामद की गई है।
पुलिस को 20 जुलाई की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि नीले रंग की एक अल्टो कार में सवार तीन युवक हथियार लेकर सोबरनटोली से जुरिया की ओर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और संदिग्ध वाहन की घेराबंदी शुरू कर दी गई।
सोबरनटोली में घेराबंदी, एक आरोपी मौके से फरार
दोपहर करीब 12 बजे सोबरनटोली में पुलिस ने संदिग्ध अल्टो कार को रोक लिया। पुलिस को देखते ही कार की पिछली सीट पर बैठा एक युवक कूदकर गलियों के रास्ते फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने कार में मौजूद दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुमला जिले के हुसैन अंसारी और लोहरदगा निवासी अजय साहू के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान गुमला के लोंगा निवासी संजय लोहरा के रूप में की गई है।
पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा
तलाशी के दौरान अजय साहू के पास से 7.65 एमएम की देशी पिस्टल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक व्यक्ति की हत्या करने की योजना बनाकर निकले थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अजय साहू के खिलाफ पहले से अपहरण, डकैती और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं फरार आरोपी संजय लोहरा पर भी लूट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।