Seraikela: सरायकेला जिले के ऐतिहासिक गुंडिचा मंदिर में मंगलवार को विपद तारिणी पूजा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। पूजा कर रही एक महिला श्रद्धालु की साड़ी में अगरबत्ती की चिंगारी से अचानक आग लग गई। मौके पर तैनात टाइगर मोबाइल जवान अनिल कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान महिला मामूली रूप से झुलस गई, जबकि आग बुझाने के प्रयास में जवान का हाथ गंभीर रूप से जल गया। जानकारी के अनुसार, विपद तारिणी पूजा को लेकर मंगलवार सुबह से ही गुंडिचा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान संगीता प्रजापति नाम की महिला पूजा कर रही थीं। पूजा के दौरान अगरबत्ती की चिंगारी उनकी साड़ी तक पहुंच गई, जिससे कपड़ों में आग लग गई।
जवान ने तुरंत पहुंचकर बचाई महिला की जान
आग लगते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। महिला घबराकर मदद के लिए चिल्लाने लगी। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात सरायकेला थाना के टाइगर मोबाइल जवान अनिल कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना महिला की साड़ी में लगी आग बुझाने लगे। महिला को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के दौरान जवान का हाथ झुलस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर समय रहते जवान मौके पर नहीं पहुंचते तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
थाना प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल महिला और जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला को मामूली जलन हुई है, जबकि जवान के हाथ में अधिक चोट आई है। दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की सावधानी बरतने की अपील
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मंदिर परिसर में पूजा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर दीप, अगरबत्ती और अन्य ज्वलनशील सामग्री के इस्तेमाल में सतर्कता रखने को कहा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।