Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले में गम्हरिया थाना क्षेत्र से 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है. गम्हरिया क्षेत्र की रहने वाली रूपा लोहार पिछले कई दिनों से घर नहीं लौटी है. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से उसे तलाशने की गुहार लगाई है.
लापता युवती की मां चांदनी लोहार ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 15 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे रूपा बिना किसी को बताए घर से निकली थी. शाम तक उसके वापस नहीं आने पर परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
रिश्तेदारों और परिचितों से भी की पूछताछ
परिजनों के अनुसार, उन्होंने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से भी संपर्क कर रूपा के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कहीं से भी कोई सूचना नहीं मिली. परिवार फिलहाल गम्हरिया थाना क्षेत्र के शंकरपुर, जेवियर स्कूल मोड़ के पास किराये के मकान में रहता है. यदि किसी को रूपा लोहार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी थाना या 6207009164 इस फोन नंबर पर संपर्क कर सकते है.
पुलिस ने शुरू की तलाश
परिजनों की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवती की तस्वीर और आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और युवती का पता लगाने का प्रयास जारी है.