Jamtara: जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर झारखंड पुलिस के एक जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में जवान एक महिला यात्री की ओर देखते हुए नजर आ रहा है। इसे लेकर महिला सुरक्षा और वर्दीधारी कर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 जुलाई की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच प्लेटफॉर्म नंबर-2 की बताई जा रही है। उस समय रांची जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों की भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान एक महिला यात्री प्लेटफॉर्म पर बैठी हुई थी। वायरल वीडियो करीब 37 सेकंड का बताया जा रहा है, जिसमें एक पुलिस जवान महिला की दिशा में देखता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोप है कि जवान काफी देर तक महिला की ओर देखता रहा।
महिला सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला यात्री कुछ देर बाद वहां से उठकर दूसरी जगह चली गई। लोगों का कहना है कि यदि वर्दीधारी कर्मी के व्यवहार को लेकर ऐसी शिकायत सामने आती है तो इससे यात्रियों, खासकर महिलाओं के बीच असुरक्षा की भावना पैदा हो सकती है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। रेलवे से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस या रेल प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच में तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।