Jharkhand Weather News: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों के लिए अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी किया है. लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की अपील की गई है.
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही पूरे राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
22 से 25 जुलाई तक भी मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जुलाई को राज्य के लगभग सभी जिलों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी. वहीं 24 और 25 जुलाई को रांची, रामगढ़, बोकारो, लातेहार, पलामू, गढ़वा समेत दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में फिर से भारी बारिश होने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे में इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 131.4 मिमी वर्षा सरायकेला-खरसावां के नीमडीह में रिकॉर्ड की गई, जबकि चांडिल में 125.6 मिमी बारिश हुई.
तापमान में आएगी गिरावट, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बारिश और वज्रपात के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें तथा मौसम संबंधी आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें.