Jamshedpur News: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के पुराने एमजीएम अस्पताल के पास चंडीनगर में फर्नीचर कारोबारी से रंगदारी मांगने और गिरफ्तारी के दौरान पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं. एक मामला दुकानदार की शिकायत पर दर्ज हुआ है, जबकि दूसरा केस पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने को लेकर दर्ज किया गया है.
दुकानदार की शिकायत पर रंगदारी का केस
फर्नीचर व्यवसायी मिथुन शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि नंदू लोहार अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और चापड़ दिखाकर पांच हजार रुपये की रंगदारी मांगी. विरोध करने पर उस पर हमला किया गया, जिससे उसके हाथ में चोट लगी. इस मामले में पुलिस ने नंदू लोहार समेत पांच लोगों को नामजद किया है. साथ ही कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
पुलिस से आरोपी छुड़ाने की कोशिश, दूसरा मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नंदू लोहार को गिरफ्तार कर जीप में बैठाने लगी. इसी दौरान उसके परिजन और समर्थक वहां पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की कोशिश की, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव भी किया.
इस मामले में सीतारामडेरा थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक शंकर ठाकुर के बयान पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इन लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी
रंगदारी मांगने के मामले में दर्ज एफआईआर में नंदू लोहार, उसकी मां शीला लोहार, उसकी तीन बहनों, तीन जीजाओं और पत्नी को नामजद किया गया है.
वहीं पुलिस पर हमला और आरोपी को छुड़ाने के प्रयास के मामले में नंदू लोहार, उसकी मां शीला लोहार, दोनों पत्नियां पुष्पांजलि कर्मकार और माही कर्मकार, बहन नंदिनी लोहार, उसके पति गोलू कर्मकार, बहन मुस्कान कर्मकार, उसके पति राहुल पासवान और मौसी पिंकी दास को आरोपी बनाया गया है.
दुकान पर पहुंचकर की थी रंगदारी की मांग
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:45 बजे मिथुन शर्मा ने सूचना दी थी कि नंदू लोहार छह-सात लोगों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा है और पैसे की मांग कर रहा है. शिकायत के मुताबिक, दुकान की मरम्मत का काम चलने को लेकर आरोपी पांच हजार रुपये की रंगदारी मांग रहा था. पैसे देने से इनकार करने पर दुकान में रखा पंखा उठाकर उसके लोहे वाले हिस्से से हमला किया गया, जिसमें कारोबारी घायल हो गया.
पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच जारी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, जबकि गिरफ्तार आरोपी नंदू लोहार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा.