Ranchi News : भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव कार्यक्रम को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भाजपा पर युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस अब हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है।
नीट पेपर लीक को लेकर भाजपा पर साधा निशाना
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय न्याय मांगने वाले छात्रों को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि युवा और छात्राएं अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग किया गया। उनके अनुसार, जिन छात्रों और परिवारों का भविष्य प्रभावित हुआ है, उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
भाजपा को दी खुली चुनौती, अब आर-पार की लड़ाई होगी
भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए इरफान अंसारी ने कहा, "आज कांग्रेस कार्यालय घेरने आ रहे हो, आओ... मैं देखता हूं। बहुत गोलियां चला चुके हो, अब डंडा चलेगा। आओ, देख लेंगे।" स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि अब मुकाबला सीधा होगा। उन्होंने कहा, "अब आर-पार होगा, अब जंग होगी। मैदान में आ जाओ, देख लेंगे भाजपा में कितना दम है। हिम्मत है तो कांग्रेस कार्यालय आओ।"