JPSC Exam Postponed: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने अभ्यर्थियों के लिए बड़ा फैसला लेते हुए केवल संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा-2025 ही नहीं, बल्कि निकट भविष्य में आयोजित होने वाली सभी प्रस्तावित परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. आयोग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है.
मुख्य परीक्षा स्थगित करने का आदेश जारी
आयोग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से फिलहाल स्थगित किया जा रहा है. यह परीक्षा पहले निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी.
Examination Calendar-2026 पर भी लगी रोक
JPSC ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि 9 जुलाई 2026 को जारी Examination Calendar-2026 के तहत प्रस्तावित शेष सभी परीक्षाओं का कार्यक्रम भी अगले आदेश तक स्थगित रहेगा. यानी आयोग द्वारा घोषित आगामी किसी भी परीक्षा का आयोजन फिलहाल नहीं होगा.
वेबसाइट पर जारी की गई विस्तृत जानकारी
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें और परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाओं के लिए JPSC की वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें. परीक्षा स्थगन से जुड़ी विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है.