Ranchi News : श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए झारखंड सरकार ने विशेष तैयारी की है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 30 जुलाई से 28 अगस्त तक देवघर और बासुकीनाथ में 28 वरीय रेजीडेंट डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति की है।
देवघर में 18, बासुकीनाथ में 10 डॉक्टर रहेंगे तैनात
स्वास्थ्य विभाग के आदेश के अनुसार 18 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती देवघर और 10 डॉक्टरों की तैनाती बासुकीनाथ में की गई है। ये सभी डॉक्टर फूलो-झानो चिकित्सा महाविद्यालय, दुमका और शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय, धनबाद में बॉन्ड सेवा दे रहे वरीय रेजीडेंट हैं।
कई विशेषज्ञ विभागों के डॉक्टर देंगे सेवाएं
प्रतिनियुक्त डॉक्टर निश्चेतना (एनेस्थीसिया), शिशु रोग, चर्म रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, सर्जरी, मेडिसिन, हड्डी रोग, पीएसएम और रेडियोलॉजी सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ हैं। इससे मेले के दौरान किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
समय पर योगदान और अनुपस्थिति पर होगी कार्रवाई
विभाग ने सभी डॉक्टरों को निर्धारित समय पर देवघर और दुमका के सिविल सर्जन के समक्ष योगदान देने का निर्देश दिया है। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार उनकी ड्यूटी लगाई जाएगी। मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और अधीक्षकों को भी डॉक्टरों को समय पर रिलीव करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक माह का अग्रिम मानदेय देने की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेला अवधि की सेवा को वरीय रेजीडेंट की बॉन्ड सेवा में शामिल किया जाएगा। वहीं, तय समय पर ड्यूटी जॉइन नहीं करने वाले डॉक्टरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला की ओर से जारी किया गया है।