Jamshedpur Bagbera Accident: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे के बाद अब मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है. हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में चल रहा है. इसी बीच परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल की ओर से एक घायल के इलाज के लिए करीब 8 लाख रुपये का बिल सौंपा गया है, जिसे चुकाने की स्थिति में परिवार नहीं है.
परिजनों के मुताबिक, हादसे के आरोपी चालक की पहचान अरुण के रूप में हुई है, जबकि कार के मालिक का नाम अवधेश बताया जा रहा है. आरोप है कि घटना के बाद आरोपी दूसरी गाड़ी से स्वयं बागबेड़ा थाना पहुंचा था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे न तो गिरफ्तार किया और न ही पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. कुछ देर बाद वह थाना परिसर से वापस चला गया. आक्रोशित टायर जला कर विरोध किया.
घायलों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने आरोपी की पहचान भी कर ली थी, फिर भी पुलिस ने तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की. हालांकि थाना की ओर से उन्हें आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया है.
इसी मुद्दे को लेकर गुरुवार शाम अस्पताल और थाना परिसर में परिजनों का आक्रोश देखने को मिला. उनका कहना है कि एक ओर परिवार इलाज के भारी खर्च से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर आरोपी खुलेआम घूम रहा है.
इस बीच कुछ कथित आरोप भी सामने आए हैं. परिजनों का दावा है कि बागबेड़ा थाना प्रभारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी ने उनसे कहा कि वे खुद आरोपी को पकड़कर लाएं. हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
गौरतलब है कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे तेज रफ्तार कार ने पहले एक TVS XL सवार को टक्कर मारी, जो अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था. इसके बाद कार अनियंत्रित होकर तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले आई. हादसे में कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया था.
फिलहाल बागबेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की जांच जारी होने की बात कही है.