Palamu News : पलामू पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांकी थाना क्षेत्र में संचालित कथित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, स्प्रिट, नकली रैपर, सरकारी स्टीकर और खाली बोतलें बरामद की गईं।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने पांकी थाना क्षेत्र के जीरो टोला बाधमरी स्थित लाला सिंह की बंद दुकान पर छापा मारा।
स्प्रिट, नकली रैपर और 1,530 खाली बोतलें बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, करीब 250 लीटर स्प्रिट, विभिन्न ब्रांडों के नकली रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1,940 स्टीकर, शराब में रंग मिलाने वाला पदार्थ और 1,530 खाली शीशे की बोतलें जब्त कीं।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल कथित तौर पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर नामी ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचने के लिए किया जाता था। मामले में पांकी थाना कांड संख्या 123/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत पांकी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।