Ranchi Ashok Nagar: पुलिस ने राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है. रांची पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है. जांच के दौरान पुलिस ने कोलकाता से चोरी में इस्तेमाल की गई लग्जरी जगुआर कार बरामद की है. साथ ही चोरी के गहने, हीरे के आभूषण और लाखों रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.
CCTV फुटेज से मिला सुराग, अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस
यह मामला अशोक नगर स्थित निश्चित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में हुई चोरी से जुड़ा है. वारदात के बाद रांची पुलिस ने SIT का गठन किया था. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की. जांच आगे बढ़ी तो पूरा नेटवर्क एक अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़ा मिला.
आरोपियों की पत्नियों के पास मिले जेवर और 17 लाख से अधिक नकद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं गुलशन प्रवीन और शकीला के कब्जे से चोरी के कई कीमती सामान बरामद किए. इनमें सोने का मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, हीरे के आभूषण और 17 लाख 36 हजार 200 रुपये नकद शामिल हैं. पुलिस का मानना है कि यह रकम और जेवर चोरी की वारदात से जुड़े हो सकते हैं.
लग्जरी जगुआर कार से देते थे चोरी की वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि गिरोह वारदात को अंजाम देने के लिए नीले रंग की लग्जरी जगुआर कार का इस्तेमाल करता था. पुलिस ने इस वाहन को कोलकाता से बरामद कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि वाहन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि चोरी की अन्य घटनाओं से भी इसके संबंधों का पता लगाया जा सके.
80 से ज्यादा मामलों में आरोपी है गिरोह का सरगना
पुलिस जांच में गिरोह के मुख्य आरोपियों की पहचान मोहम्मद इरफान, अफरोज और नवीन शर्मा के रूप में हुई है. इनमें मोहम्मद इरफान का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है. पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ कानपुर, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद, गोवा, बेंगलुरु, सूरत, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, पुणे, केरल, सीतामढ़ी और जालंधर समेत देश के कई शहरों में करीब 80 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
रांची पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. बरामद डिजिटल साक्ष्यों और जब्त सामान के आधार पर यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने झारखंड समेत अन्य राज्यों में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है.