Latehar News : लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के नाम पर ठेकेदारों से लेवी वसूलने पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने उनके पास से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और चोरी की बाइक बरामद की है।
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने दबोचा
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक चंदवा की ओर से बालूमाथ और बारियातू थाना क्षेत्र में किसी घटना को अंजाम देने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर बालूमाथ और बारियातू थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। मकइयाटांड़ पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोहरदगा के पेशरार निवासी संजय सिंह उर्फ डिम्पू उर्फ भीम सिंह और कुडू निवासी शहजाद अंसारी के रूप में हुई है।
पीएलएफआई कमांडर के कहने पर पहुंचे थे
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पीएलएफआई कमांडर बादल उर्फ पवन के निर्देश पर क्षेत्र में ठेकेदारों से लेवी वसूलने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से आए थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, दो स्मार्टफोन और चोरी की बाइक बरामद की। मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 89/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद, बालूमाथ थाना प्रभारी, बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, एसआई देवेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, अभिमन्यु कुमार और ददन प्रधान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।