Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-23

Palamu News: पलामू के सतबरवा में मिला उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट का विशाल भंडार, 12 मिलियन टन रिजर्व की पुष्टि

Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड स्थित खामडीह और पूर्णाडीह क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले ग्रेफाइट का बड़ा भंडार मिलने से राज्य के खनन क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। विस्तृत भू-वैज्ञानिक जांच में यहां करीब 12 मिलियन टन ग्रेफाइट के भंडार की पुष्टि हुई है। यह पलामू प्रमंडल में अब तक चिन्हित सबसे बड़ा ग्रेफाइट भंडार माना जा रहा है।

उच्च गुणवत्ता के कारण बढ़ी औद्योगिक अहमियत
खनन एवं भूतत्व विभाग की जांच में इस ग्रेफाइट की गुणवत्ता काफी बेहतर पाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, यहां मिले खनिज का ग्रेड लगभग 7.7 है, जबकि पलामू, गढ़वा और लातेहार के अन्य इलाकों में भी बेहतर कार्बन युक्त ग्रेफाइट उपलब्ध है। प्रारंभिक ड्रिलिंग के बाद विस्तृत सर्वे, डीजीपीएस मैपिंग और सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब तकनीकी मूल्यांकन के बाद केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

ग्रामीणों को रोजगार और विकास की नई उम्मीद
ग्रेफाइट भंडार की पुष्टि के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का मानना है कि यदि खनन कार्य शुरू होता है तो क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और वर्षों से जारी पलायन की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। पहले भी इस इलाके में छोटे स्तर पर खनन गतिविधियां संचालित होती थीं, लेकिन उनके बंद होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा था।

बंद पड़ी खदानों के दोबारा शुरू होने की संभावना
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार में ग्रेफाइट की बढ़ती मांग का फायदा पलामू प्रमंडल को मिल सकता है। क्षेत्र की कई बंद पड़ी खदानों को फिर से संचालित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। जनप्रतिनिधियों का भी कहना है कि नए भंडार की खोज से निवेश बढ़ेगा और पूरे इलाके में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बैटरी और परमाणु उद्योग के लिए महत्वपूर्ण खनिज
ग्रेफाइट का उपयोग केवल पेंसिल निर्माण तक सीमित नहीं है। आज यह लिथियम-आयन बैटरी, इलेक्ट्रिक वाहन, परमाणु ऊर्जा और कई आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण कच्चा माल बन चुका है। खनन विभाग का अनुमान है कि यदि आगे के सर्वेक्षणों में भी इसी तरह के भंडार मिलते रहे, तो आने वाले वर्षों में पलामू प्रमंडल देश के प्रमुख ग्रेफाइट उत्पादन केंद्रों में शामिल हो सकता है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !