Jamshedpur News : बागबेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के इलाज के खर्च को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। इलाज का पूरा खर्च दिलाने की मांग को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया।
इलाज के खर्च को लेकर सड़क जाम
जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के परिजन वाहन मालिक से इलाज का पूरा खर्च दिलाने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप था कि घायल के समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं की जा रही है। इसी बीच बागबेड़ा थाना प्रभारी के कथित बयान से नाराज स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरीय पुलिस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, बढ़ा विवाद
प्रदर्शन के दौरान एक युवक डीएसपी सुमित कुमार के सामने न्याय की गुहार लगाते हुए उनके पैरों पर गिर गया। इसी दौरान डीएसपी द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रदर्शनकारियों का आक्रोश और बढ़ गया तथा पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे।
काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस ने सड़क जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना के बाद शहर में डीएसपी की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।