Ranchi News: रांची के मांडर थाना क्षेत्र में गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद संत जेवियर्स स्कूल मिशन के बाहर आठवीं कक्षा के छात्र प्रवीण साहू पर गांव के ही युवक सुमित उरांव उर्फ डांस ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी पहले से स्कूल गेट के बाहर घात लगाकर बैठा था और छात्र के बाहर निकलते ही उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से लगातार वार करने लगा।
डेढ़ घंटे के ऑपरेशन के बाद बची छात्र की जान
हमले में छात्र के सीने, गर्दन, पीठ और दोनों हाथों पर कई गंभीर जख्म आए। डॉक्टरों के अनुसार उसके दोनों फेफड़ों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा था। घायल छात्र को तत्काल मांडर स्थित कॉन्स्टेंट लीवेंस अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद शरीर में धंसा चाकू निकाला गया। समय पर इलाज मिलने से छात्र की जान बचाई जा सकी।
वारदात के बाद आरोपी ने थाने पहुंचकर किया आत्मसमर्पण
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी सुमित उरांव उर्फ डांस घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर पैदल चलकर सीधे मांडर थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घायल छात्र उसकी लिव-इन पार्टनर को परेशान करता था, जिसके कारण उसने यह हमला किया।
परिजनों ने बताया, पहले भी हो चुका था विवाद
घायल छात्र के परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले भी प्रवीण के साथ मारपीट कर चुका है। दोनों मांडर थाना क्षेत्र के मलती गांव के निवासी हैं और उनके घर आसपास ही हैं। आरोपी पहले संत जेवियर्स स्कूल का छात्र भी रह चुका है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुराने विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही खेलारी डीएसपी आर.एन. चौधरी, इंस्पेक्टर जय प्रकाश राणा और मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद समेत सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।