Gumla News: झारखंड के गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र स्थित बोडोटोली बगीचा के पास शुक्रवार तड़के एक 15 वर्षीय छात्र हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश करने लगा। स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई। घायल छात्र की पहचान मलगो बरटोली निवासी नंदू उरांव के पुत्र मनीष उरांव (15) के रूप में हुई है। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घर से निकले 15 वर्षीय छात्र ने हाईटेंशन टावर पर चढ़कर की आत्महत्या की कोशिश
जानकारी के अनुसार, मनीष गुरुवार शाम बिना किसी को बताए घर से निकल गया था। देर रात उसका एक मित्र उसे बोडोटोली बगीचा के पास छोड़कर चला गया था, लेकिन वह घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह वह करीब 15 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और फांसी लगाने का प्रयास करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। उस समय वह अचेत अवस्था में था।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की निगरानी में छात्र का इलाज चल रहा है। फिलहाल उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है, जबकि डॉक्टर लगातार उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।