इलाज के दौरान चौथी मौत, गांव में शोक का माहौल
बुधवार शाम हुए हादसे के बाद ललिता देवी गंभीर रूप से घायल थीं और उनका रिम्स में इलाज चल रहा था. शुक्रवार को उनकी मौत के बाद इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की संख्या चार हो गई है. इस घटना के बाद दामोदर गांव समेत आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.
स्कॉर्पियो घर में घुसी, चार लोगों की गई जान
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी. उस समय घर के बाहर और आंगन में कई लोग मौजूद थे. हादसे में स्कॉर्पियो चालक अरविंद कुमार और घर के आंगन में खड़ी राखी गिरी की मौके पर ही मौत हो गई थी. इसके बाद चालक की गर्भवती पत्नी खुशबू देवी ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. अब ललिता देवी की मौत के साथ मृतकों की संख्या चार पहुंच गई है.
घायलों का इलाज जारी, मुआवजे की मांग तेज
हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है. इस दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से मुआवजे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है.