Adityapur: आदित्यपुर स्थित सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना प्रशासक कार्यालय में विस्थापितों की समस्याओं के समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईचागढ़ विधायक सविता महतो और सुवर्णरेखा परियोजना प्रशासक सह जमशेदपुर उपायुक्त राजीव रंजन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
विधायक ने सौंपा 19 सूत्री मांग पत्र
बैठक के दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने विस्थापितों के हित में 19 सूत्री मांग पत्र सौंपा। उन्होंने मांग की कि जब तक संपूर्ण पुनर्वास प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक चांडिल डैम में जल भंडारण का स्तर RL 180 मीटर तक सीमित रखा जाए, ताकि आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा उन्होंने विस्थापित युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था, पुनर्वास स्थलों पर सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास पुस्तिका से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने की मांग रखी।
विकास पुस्तिका और पहचान पत्र जल्द देने की मांग
विधायक सविता महतो ने कहा कि विस्थापितों को विकास पुस्तिका और पहचान पत्र मिलने से उनके बच्चों के नामांकन समेत अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियां दूर होंगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए जल्द ही विशेष कैंप आयोजित कर कार्ड जारी किए जाएंगे।
चरणबद्ध कार्रवाई का दिया भरोसा
बैठक में परियोजना प्रशासक सह जमशेदपुर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि विस्थापितों से जुड़ी सभी मांगों और सुझावों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि विकास पुस्तिका के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में RL 173 से 175 मीटर तक प्रभावित विस्थापितों के मुआवजा और पुनर्वास से जुड़ी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
झामुमो नेता ने भी रखे सुझाव
बैठक में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलु महतो ने भी विस्थापितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। इस मौके पर अपर निदेशक सह संयुक्त सचिव गौतम कुमार भगत समेत परियोजना और जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।