आरोपी ने थाने पहुंचकर खुद दी घटना की जानकारी
शुक्रवार सुबह आरोपी सीधे सदर थाना पहुंचा और पुलिस के सामने हत्या करने की बात बताई. सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर बिनय कुमार महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.
पत्नी को लेकर शक के बाद हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी पहले दूसरे राज्य में मजदूरी करता था. गांव लौटने के बाद उसे अपनी पत्नी और 42 वर्षीय ग्रामीण के बीच संबंध होने का शक हुआ. घटना वाले दिन उसकी पत्नी धान रोपने के काम से मृतक के खेत गई थी और शाम तक घर नहीं लौटी. पुलिस के मुताबिक इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था. घटना के समय उसके नशे में होने की भी जानकारी सामने आई है.
बीच-बचाव करने वाले साथी पर किया जानलेवा हमला
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि के अनुसार घटना से पहले आरोपी ने गांव के एक घर में हंगामा किया था. उस दौरान मृतक ने बीच-बचाव कर उसे शांत कराया और अपने साथ ले गया. इसके बाद रात में आरोपी ने घर में रखे पत्थर के सिलबट्टे से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि प्रेम-प्रसंग के एंगल की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.