Jharkhand Blood Donation Campaign : लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, झारखंड थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया, अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन और झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नदीम खान ने किया। इस दौरान राज्यपाल को तीन सूत्री मांग पत्र सौंपकर थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित मरीजों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
स्वैच्छिक रक्तदान और ब्लड बैंक व्यवस्था मजबूत करने की उठी मांग
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और ब्लड बैंकों की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। संगठन का कहना है कि पिछले कई महीनों से जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा रेड क्रॉस सोसाइटी की व्यवस्था को मजबूत करने और रक्तदान से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति बनाने की भी मांग की गई।
राज्यपाल ने कार्रवाई का दिया भरोसा, कार्यक्रम का निमंत्रण भी स्वीकारा
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर व्यवहारिक कार्रवाई की जाएगी और राज्य में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान राज्यपाल के प्रधान सचिव नितीन मदन कुलकर्णी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को झारखंडी अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें लहू बोलेगा के आठवें झारखंड राज्यस्तरीय रक्तदान प्रोत्साहन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।