Jharkhand News: संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी झारखंड में व्यापक जनसंपर्क और सामाजिक समरसता अभियान चलाएगी. प्रदेश भाजपा ने घोषणा की है कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे राज्य में "समरसता संकल्प अभियान" आयोजित किया जाएगा. अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और सामाजिक एकता को मजबूत करना बताया गया है.
यह निर्णय शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक और कार्यशाला में लिया गया. बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
अमर कुमार बाउरी ने साझा की अभियान की रूपरेखा
बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर यह अभियान झारखंड सहित पूरे देश में चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है.
काशी से लाई जाएगी पवित्र मिट्टी
अभियान के तहत संत रविदास की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) से पवित्र मिट्टी लाई जाएगी. इसके लिए भाजपा का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल काशी जाएगा.
पार्टी के अनुसार, यह दल 29 जुलाई को काशी से लौटते हुए गढ़वा, पलामू, लातेहार और लोहरदगा से होकर रांची पहुंचेगा. पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
भाजपा ने बताया कि काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी को झारखंड के विभिन्न प्रमुख मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा. इसके साथ ही राज्यभर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर दीपोत्सव और अन्य धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन में जाति और ऊंच-नीच के भेदभाव का विरोध करते हुए समानता, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश दिया था. भाजपा का यह अभियान उन्हीं मूल्यों को समाज तक पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक प्रयास होगा.