Ranchi Chain Snatching Gang : रांची पुलिस ने महिलाओं से चेन छिनतई करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में बीआईटी सिरतनगर निवासी सद्दाम अंसारी और बीआईटी मोड़ स्थित ज्वेलरी दुकानदार रमेश प्रसाद स्वर्णकार शामिल हैं.
चोरी की बाइक से वारदात, कई मामलों का खुलासा
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी की बाइक पर सवार अपराधी नामकुम की ओर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर रेलवे फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक युवक को बाइक पर आते देख रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. जांच में बाइक चोरी की निकली और उसका चेसिस नंबर भी मिटाया गया था.
पूछताछ में सद्दाम अंसारी ने बताया कि बाइक दो माह पहले पतरातु पार्क के पास से चोरी की गई थी और इसी वाहन का इस्तेमाल रांची के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिलाओं से सोने की चेन छीनने के लिए किया जाता था. आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से एक चोरी की टीवीएस स्कूटी भी बरामद की गई. पूछताछ में उसने नामकुम, कांके, लालपुर और बरियातू थाना क्षेत्र में वर्ष 2026 के दौरान हुई कई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
ज्वेलर्स के पास मिला गलाया हुआ सोना, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सद्दाम ने बताया कि छीने गए सोने के आभूषण बीआईटी मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार को कम कीमत पर बेच दिए जाते थे. पुलिस ने दुकान पर छापेमारी कर करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया और दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक टीवीएस स्कूटी भी जब्त की है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी के वाहनों का इस्तेमाल कर महिलाओं से चेन छिनतई करता था और लूटे गए गहनों को ज्वेलरी दुकानों में खपाता था. मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.