West Singhbhum: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस द्वारा अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कराईकेला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी चक्रधरपुर के डीएसपी डॉ. सैयद मुस्तफा हासमी ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
बाजार हाट मैदान में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
डीएसपी ने बताया कि 24 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे कराईकेला थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कराईकेला बाजार हाट मैदान में एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद थाना प्रभारी प्यारे हसन के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
तलाशी में मिला देसी कट्टा, लाइसेंस नहीं दिखा सका
पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र स्थित लोटाबुरु गांव निवासी 19 वर्षीय बागराय नाग के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। जब पुलिस ने हथियार रखने का लाइसेंस या अन्य वैध दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मोटरसाइकिल (जेएच-01सीजी-6716) से कराईकेला बाजार एक व्यक्ति को धमकाकर उससे रुपये वसूलने के इरादे से आया था। इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में सफल हो पाता, पुलिस ने उसे धर दबोचा।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी भेजा गया जेल
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कराईकेला थाना लाया गया, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने उसके पास से एक देसी कट्टा, एक कीपैड मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।