Deoghar News: श्रावणी मेले 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले सभी शिवभक्तों को इस बार नगर निगम की ओर से एक नई सुविधा मिलने जा रही है। लंबी पदयात्रा के बाद नगर सीमा में प्रवेश करने वाले कांवरियों को गर्मी और उमस से राहत देने के लिए पूरे मार्ग पर विशेष जल फुहार प्रणाली तैयार की जा रही है।
“इंद्र और वरुण वर्षा” से कांवरियों को मिलेगी ठंडक
नगर निगम ने खिजुरिया से बीएन झा पथ तक ऐसे स्प्रिंकलर लगाए जायेंगे जिनसे लगातार पानी की हल्की फुहारें निकलेंगी। इस योजना को “इंद्र और वरुण वर्षा” का नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को ठंडक पहुंचाना और यात्रा के अंतिम पड़ाव को अधिक आरामदायक बनाना है।
हर साल श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से जल लेकर पैदल देवघर पहुंचते हैं। कई किलोमीटर की कठिन यात्रा के कारण उन्हें तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था से शिवभक्तों को नगर क्षेत्र में प्रवेश करते ही मौसम जैसी ठंडक का एहसास होगा, जिससे उनकी थकान काफी हद तक कम होगी।
सुरक्षा और सुविधाओं के बीच “इंद्र-वरुण वर्षा” बनेगी मेले का नया आकर्षण
प्रशासन ने मेले को सुचारु बनाने के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई, सुरक्षा और विश्राम जैसी सुविधाओं के साथ इस नई पहल को भी जोड़ा है। बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को पहले से अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी भक्त को असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम का मानना है कि “इंद्र और वरुण वर्षा” केवल गर्मी से राहत देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह श्रद्धालुओं के लिए एक यादगार अनुभव भी बनेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले प्रत्येक कांवरिया की यात्रा सुरक्षित, सहज और सुखद रहे।