Dhanbad News : धनबाद पुलिस ने तकनीक और त्वरित कार्रवाई का बेहतर उदाहरण पेश करते हुए शनिवार को आयोजित अमानत कार्यक्रम के तहत 505 लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर फोन वापस पाकर खुशी साफ दिखाई दी।
नवनिर्मित पुलिस सभागार में हुआ भव्य आयोजन
मोबाइल वितरण कार्यक्रम पुलिस लाइन स्थित नवनिर्मित अत्याधुनिक 500 क्षमता वाले वातानुकूलित सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सभागार का औपचारिक उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में उपायुक्त, डीएफओ, एसएसपी और ग्रामीण एसपी ने लाभार्थियों को उनके मोबाइल फोन लौटाए।
अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की डिजिटल पहचान बन चुका है। बैंकिंग, सरकारी योजनाएं, आधार, पैन, ऑनलाइन भुगतान, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी कई आवश्यक सेवाएं मोबाइल से जुड़ी हुई हैं, इसलिए इसकी सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मोबाइल गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल को ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे उसका दुरुपयोग नहीं हो पाता और पुलिस के लिए उसे ट्रेस करना आसान हो जाता है।
इस मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गुम मोबाइल की तलाश के दौरान पुलिस को एक अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही इसके सदस्यों को गिरफ्तार किया जाएगा।
अधिकारियों ने लोगों से साइबर अपराधों को लेकर भी सतर्क रहने की अपील करते हुए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध कॉल से सावधान रहने की सलाह दी। पुलिस का कहना है कि अमानत कार्यक्रम न केवल लोगों का खोया सामान लौटाने का प्रयास है, बल्कि तकनीक के प्रभावी उपयोग और जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही का भी सशक्त उदाहरण है।