Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-07-25

Ranchi News:कारोबारी को जान से मारने पहुंचे थे तीन बदमाश, लेकिन कुछ ही मिनटों में उल्टा पड़ गया पूरा प्लान

Ranchi News: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक कारोबारी के घर में घुसकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया. चाकू के वार में कारोबारी घायल हो गए, लेकिन उन्होंने साहस दिखाते हुए अपराधियों का मुकाबला किया, जिसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वजह तलाश रही है.
आधी रात घर में घुसकर किया हमला
यह घटना इंदिरा नगर की है, जहां पूर्व सीएमपीडीआई महाप्रबंधक और कारोबारी 65 वर्षीय आलोक कुमार अपने घर में सो रहे थे। देर रात करीब 1.30 बजे उन्हें घर के भीतर हलचल और सामान टूटने की आवाज सुनाई दी. इसके कुछ ही पल बाद तीन नकाबपोश लोग उनके कमरे में पहुंच गए. पुलिस के मुताबिक सभी ने मास्क और दस्ताने पहन रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी.

आरोप है कि कमरे में घुसते ही बदमाशों ने कारोबारी को धमकी दी और उन्हें जान से मारने की बात कही. इसके बाद एक आरोपी ने चाकू से उनकी कलाई पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए.

कारोबारी ने किया मुकाबला, आरोपी मौके से फरार
घायल होने के बावजूद आलोक कुमार ने हिम्मत नहीं हारी. उन्होंने खुद को बदमाशों की पकड़ से छुड़ाया और कमरे में रखे तलवार व चापड़ निकाल लिए. हथियार देखकर तीनों आरोपी घबरा गए और कमरे से बाहर निकलकर छत के रास्ते फरार हो गए.

घटना की सूचना मिलने के बाद गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. मौके से मिले साक्ष्यों को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है.

कई पहलुओं पर जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा
प्रारंभिक जांच के अनुसार पुलिस इस संभावना की भी पड़ताल कर रही है कि मामला केवल चोरी या लूट की कोशिश नहीं, बल्कि पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा हो सकता है. इसी वजह से पुरानी रंजिश, कारोबारी गतिविधियों और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.

डीएसपी सदर संजीव बेसरा ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है. उनका कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !