Jamshedpur News : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद में मतदाता सूची के दुरुस्तीकरण और अद्यतनीकरण को लेकर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के लिए नगर परिषद अध्यक्ष नौशीन खान ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे अभियान की प्रगति और जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों का जायजा लिया।

बीएलओ को दिए पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नौशीन खान ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा संशोधन संबंधी आवेदनों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
नगर परिषद अध्यक्ष ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या उसमें किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो वे संबंधित फॉर्म भरकर समय पर जमा करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को भी चेतावनी दी कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।