तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हजारीबाग के केरेडारी निवासी 32 वर्षीय महावीर गंझू अपनी ससुराल से बाइक पर दो लोगों के साथ लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. दूसरी मोटरसाइकिल पर 23 वर्षीय पंकज उरांव और 21 वर्षीय संजय उरांव सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.
दो की मौके पर मौत, तीन की हालत नाजुक
हादसे में महावीर गंझू और पंकज उरांव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, 35 वर्षीय सविता देवी, 13 वर्षीय फूलमती और संजय उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया.
घायलों को रिम्स रेफर, पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर स्नेह फाउंडेशन की टीम और सीसीएल की मेडिकल यूनिट मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेज दिया. थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.