छात्र आंदोलन के समर्थन में दिल्ली आएंगी ममता
21 जुलाई को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के शहीद दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा था कि वह जंतर-मंतर पर होने वाले छात्र आंदोलन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए दिल्ली जाएंगी. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा मंत्री का बचाव कर रही है और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है.
दिल्ली दौरे का पूरा कार्यक्रम अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं है कि ममता बनर्जी प्रदर्शन में केवल सांकेतिक रूप से शामिल होंगी या आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी. उनके दिल्ली दौरे के दौरान अन्य विपक्षी नेताओं से मुलाकात होगी या नहीं, इस पर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. खास तौर पर कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ संभावित बैठक को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील
शहीद दिवस रैली के दौरान ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ साझा रणनीति बनाने की जरूरत पर जोर दिया था. उन्होंने इंडिया गठबंधन के सभी दलों से राष्ट्रव्यापी आंदोलन के लिए एक मंच पर आने की अपील की. माना जा रहा है कि दिल्ली का यह प्रदर्शन विपक्षी एकजुटता को भी नई दिशा दे सकता है. समाचार लिखे जाने तक दिल्ली दौरे के विस्तृत कार्यक्रम को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.