Adityapur Crime News: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अवैध धंधों का काला साम्राज्य एक बार फिर बेकाबू होकर सिर चढ़कर बोल रहा है. रामबड़िया बस्ती में ब्राउन शुगर की धड़ल्ले से खरीद-फरोख्त और जुए के खुले अड्डों के संचालन ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है. एक सनसनीखेज वायरल वीडियो ने पूरे इलाके में तहलका मचा दिया है, जिसके बाद स्थानीय पुलिस की साख पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
वायरल वीडियो ने खोली पोल, पुराने अपराधियों के तार जुड़े
सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो में कुछ बेखौफ युवक खुलेआम जुए की बाजी लगाते और नशीले पदार्थों का सौदा करते साफ नजर आ रहे हैं. इस पूरे खेल में अपराध का पुराना इतिहास रखने वाले रतन लोहार (मृत) के बेटे और उसके गिरोह की मौजूदगी की बात सामने आ रही है. स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर नशा और जुए का धंधा बिना पुलिसिया शह के चलना नामुमकिन है.
थाने से संदिग्धों की रिहाई और खाकी की संदिग्ध भूमिका
आरोप हैं कि हाल ही में पुलिस रतन लोहार की पत्नी बेवला देवी और उसके बेटे को पूछताछ के नाम पर थाने लाई तो जरूर, लेकिन महज औपचारिकता निभाकर उन्हें छोड़ दिया गया. यही नहीं, आरोपों से घिरे आरक्षी नितीश पांडेय को थाना प्रभारी का बॉडीगार्ड बनाए जाने से स्थानीय जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर है. पूर्व एसपी निधि द्विवेदी के समय हटाए गए वर्षों से जमे दागी पुलिसकर्मियों की महज डेढ़ महीने में हुई वापसी ने पूरी व्यवस्था की मंशा पर पानी फेर दिया है.
उच्च स्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की उठी मांग
आदित्यपुर की आक्रोशित जनता ने अब आर-पार के मूड में आकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और नशा माफिया समेत उन्हें संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, इस पूरे गंभीर मामले और लग रहे आरोपों पर पक्ष जानने के लिए जब आदित्यपुर थाना प्रभारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे बातचीत नहीं हो सकी.