Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के गरमनाला रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ी बस से एक टेम्पो पीछे से जा भिड़ा. हादसे में टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
अंधेरे में नहीं दिखी सड़क किनारे खड़ी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उसमें न तो ब्लिंकर चालू था और न ही पार्किंग लाइट या कोई अन्य चेतावनी संकेत लगाया गया था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे टेम्पो चालक को अंधेरे में बस दिखाई नहीं दी और उसका वाहन सीधे बस के पिछले हिस्से से टकरा गया.
चालक के पैर और सिर में गंभीर चोट
टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में चालक के पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका जताई जा रही है. उसके सिर में भी गंभीर चोट आई है. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बस चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई है. साथ ही यह जांच की जा रही है कि बस को सड़क पर बिना किसी सुरक्षा संकेत के क्यों खड़ा किया गया था और हादसे के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार है.