सफाई के दौरान चली गोली, मौके पर गई जान
रामगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह हुटार गांव निवासी श्याम लाल भुइयां शनिवार रात अपने घर में रखी भरठुवा बंदूक की सफाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक बंदूक चल गई और गोली उनके सीने में जा लगी. गंभीर चोट के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
परिजनों ने बताया, वर्षों से घर में रखी थी बंदूक
मृतक के बेटे वीरेंद्र भुइयां के मुताबिक यह भरठुवा बंदूक चार दशक से भी अधिक समय से घर में रखी हुई थी. उनका कहना है कि उनके जन्म से पहले से ही यह हथियार घर में मौजूद था. परिवार का दावा है कि बंदूक में पहले से बारूद भरा हुआ था और सफाई के दौरान उसी वजह से फायर हो गया. परिजनों ने यह भी बताया कि श्याम लाल पहले कभी-कभी जंगली जानवरों का शिकार किया करते थे, हालांकि बंदूक घर में कैसे आई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी ओमप्रकाश शाह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बंदूक की सफाई के दौरान गोली चलने से बुजुर्ग की मौत हुई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अवैध भरठुवा बंदूक इतने वर्षों से घर में कैसे रखी गई और उसमें बारूद कैसे मौजूद था. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.