Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र में हथियार दिखाकर एक फेरीवाले से लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार तीन अपराधियों ने एक युवक को निशाना बनाया और पिस्टल का डर दिखाकर उससे नकदी लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की पहचान चाईबासा निवासी 32 वर्षीय बिलाल अंसारी के रूप में हुई है। वह तांतनगर और मंझारी प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में दुकानों तक सामान पहुंचाने के साथ अखबार वितरण का काम करता है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे काम खत्म करने के बाद बिलाल बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सुरलू नदी के पास पुलिया के समीप पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया।
बदमाशों ने सिर पर तान दी पिस्टल
पीड़ित के अनुसार, नीले रंग की बाइक पर सवार तीन युवकों ने पहले उसका पीछा किया और फिर ओवरटेक कर रास्ते में रोक दिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे बाइक से नीचे गिरा दिया। आरोप है कि एक अपराधी ने उसके सिर पर पिस्टल तान दी, जबकि दूसरे ने उसकी जेब से करीब 12 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के बाद अपराधियों ने उसके साथ मारपीट भी की और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने थाना पहुंचकर दी शिकायत
घटना के बाद बिलाल किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद शनिवार को वह तांतनगर ओपी पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुमार कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।