Ranchi News : रांची के मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाले डूरंड कप के सफल आयोजन को लेकर रविवार को प्रतिनियुक्त पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मैदान में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों को ड्यूटी स्थल पर समय से पहले पहुंचकर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और वरीय अधिकारियों को दी जाए। साथ ही स्टेडियम परिसर, प्रवेश और निकास द्वार, वीआईपी गैलरी, खिलाड़ियों के आवागमन मार्ग, पार्किंग और दर्शक दीर्घा में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
हर दर्शक की होगी सुरक्षा जांच, प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर रहेगी रोक
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि मैच के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर लगातार मौजूद रहेंगे और स्टेडियम में प्रवेश करने वाले प्रत्येक दर्शक की अनिवार्य सुरक्षा जांच की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रतिबंधित वस्तु को स्टेडियम में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों को वीआईपी मूवमेंट, खिलाड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। इसके अलावा सेक्टरवार दायित्व, सुरक्षा जांच, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन निकासी योजना की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।