Patamda Accident: बेटी से मिलने जमशेदपुर जा रहे एक युवक की यात्रा रविवार सुबह हादसे में बदल गई. टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बामनी गांव के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई. दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल की पहचान पश्चिम बंगाल के दिघी बंदिया निवासी 35 वर्षीय सुल्तान अंसारी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह अपनी बेटी से मिलने जमशेदपुर आ रहा था, जो यहां एक आवासीय विद्यालय में पढ़ाई करती है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया. उसे बचाने के प्रयास में सुल्तान ने बाइक मोड़ी, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर फिसल गई. हादसे में उसका दाहिना पैर बुरी तरह जख्मी हो गया. आशंका है कि पैर की हड्डी टूट गई है.
दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. स्थानीय लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन उसने वहां इलाज कराने से इनकार कर दिया.
इसके बाद उसने अपने एक परिचित को फोन कर जमशेदपुर से वाहन बुलाया. करीब डेढ़ घंटे बाद वाहन मौके पर पहुंचा और सुबह लगभग 7 बजे उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. परिजनों के अनुसार, सुल्तान अपनी बेटी से मुलाकात के लिए घर से निकला था. लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे ने उसकी यात्रा रोक दी.