Ranchi News : रांची की प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक सड़क के नवीकरण के लिए 9 करोड़ 14 लाख 17 हजार 800 रुपये की मंजूरी दी गई है। करीब 7.90 किलोमीटर लंबी इस सड़क की मरम्मत के साथ नई सतह तैयार की जाएगी।
पथ निर्माण विभाग के अनुसार, सड़क की ऊपरी परत कई जगह खराब हो चुकी है और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए सरकार ने सड़क के नवीकरण का निर्णय लिया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरा होगा काम, गुणवत्ता की होगी नियमित निगरानी
एलपीएन शाहदेव चौक से बूटी मोड़ तक का मार्ग राजधानी के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल है। इस सड़क से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने इस परियोजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की हर महीने समीक्षा की जाएगी। मुख्य अभियंता नियमित रूप से कार्य की निगरानी करेंगे, ताकि परियोजना समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी हो सके।