Ranchi News: पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) और उसके प्रमुख अभिजीत दीपके पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यदि संगठन वास्तव में छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है, तो उसे झारखंड आकर यहां के युवाओं के लिए भी आवाज उठानी चाहिए.
दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में भी छात्र लंबे समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं. ऐसे में CJP को यहां आकर आंदोलन करना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर CJP झारखंड के छात्रों के मुद्दों से दूरी बनाए रखती है, तो यह माना जाएगा कि उसका उद्देश्य युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि उन्हें भड़काकर राजनीतिक फायदा उठाना है.
पूर्व सांसद ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार छात्रों के मुद्दों पर बोलते हैं, लेकिन झारखंड में उनकी सहयोगी सरकार पर उनकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है.
दीपक प्रकाश ने पूछा कि झारखंड में छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों पर राहुल गांधी आखिर कब अपनी राय रखेंगे. क्या कांग्रेस राज्य सरकार की कार्यशैली से सहमत है या फिर केवल राजनीतिक सुविधा के हिसाब से बयान दिए जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के साथ खड़ी है, तो उसे झारखंड सरकार से जवाब मांगना चाहिए. अगर सरकार की नीतियों से असहमति है, तो कांग्रेस को अपना रुख भी स्पष्ट करना चाहिए.
दीपक प्रकाश ने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर दोहरा रवैया नहीं चल सकता. जो लोग देशभर के युवाओं की बात करते हैं, उन्हें झारखंड के छात्रों की आवाज भी उतनी ही मजबूती से उठानी चाहिए.