Paper Leak Bill 2026: देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों पर लगाम लगाने की दिशा में केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बड़ा कदम उठाया. शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सरकार ने नया शिक्षा सुधार विधेयक सदन में पेश किया.
हालांकि, जैसे ही विधेयक को पेश करने की प्रक्रिया शुरू हुई, विपक्षी दलों ने जोरदार विरोध और नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे के कारण कुछ देर तक सदन का माहौल गर्म रहा.
इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से संयम बरतने और चर्चा में भाग लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक विवाद का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य का विषय है.
रिजिजू ने कहा कि सरकार ऐसा कानून लाना चाहती है, जिससे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़े और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह सदन की कार्यवाही में रचनात्मक भूमिका निभाए.
उन्होंने कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों से कहा कि यदि सभी दल इस विधेयक पर अपने सुझाव देंगे तो एक मजबूत और प्रभावी कानून बनाया जा सकेगा. सरकार चाहती है कि इस विषय पर व्यापक चर्चा हो और सभी की सहमति से विधेयक पारित किया जाए.
संसदीय कार्यमंत्री ने दोहराया कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है. ऐसे में इस विधेयक को गंभीरता से लेकर सभी दलों को सकारात्मक सहयोग करना चाहिए.