Gamharia: सरकारी नाले को सड़क में तब्दील किए जाने के विरोध में सोमवार को दुग्धा पंचायत अंतर्गत रामजीवनपुर गांव के ग्रामीणों ने गम्हरिया ब्लॉक परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में गांव के बुजुर्गों के साथ बच्चे भी शामिल हुए और नाले को बचाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में पूर्वजों के समय से सरकारी नाला मौजूद है, जो आसपास के खेतों की सिंचाई का मुख्य साधन है। आरोप है कि कुछ लोगों के दबाव में प्रशासन की ओर से इसी नाले पर सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जा रहा है।
नाला बंद होने से खेती प्रभावित होने की चिंता
ग्रामीणों ने कहा कि अगर नाले को बंद कर सड़क बना दी जाती है तो खेतों तक पानी पहुंचना बंद हो जाएगा। इससे किसानों की खेती प्रभावित होगी और इलाके के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि नाले को यथावत रखा जाए और सड़क निर्माण के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
ग्रामीणों के प्रदर्शन को दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के का भी समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए नाले पर चल रहे निर्माण कार्य पर रोक लगाई जानी चाहिए और ग्रामीणों की समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सिंचाई व्यवस्था को सुरक्षित रखने की मांग की है।