Ranchi News : ट्रेजरी घोटाले को लेकर भाजपा के आरोपों पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जवाब दिया है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष और मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने भाजपा पर झूठ और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहा है।
“सरकार ने खुद जांच कराई, मामला दबाने की नहीं की कोशिश"
सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि ट्रेजरी मामले में राज्य सरकार ने स्वयं जांच के आदेश दिए, एसआईटी का गठन किया, सीआईडी से जांच कराई और विशेष ऑडिट की भी सिफारिश की। उनका कहना था कि सरकार ने मामले को छिपाने के बजाय पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं है और इससे जांच प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
भाजपा से चारा घोटाले पर मांगा जवाब
कांग्रेस नेता ने भाजपा से चारा घोटाले और अन्य आर्थिक घोटालों पर भी जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में दोष तय करने का अधिकार जांच एजेंसियों और न्यायिक प्रक्रिया का है, न कि राजनीतिक बयानबाजी का।
सतीश पॉल मुंजनी ने दावा किया कि झारखंड सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता को गुमराह कर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है।