Unnao Suicide Case: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक युवक ने आत्महत्या से पहले वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी मौत के लिए पत्नी और उसके रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहराया। वीडियो में युवक ने दावा किया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इसके बाद उसने नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी।
पिता ने पत्नी समेत चार लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया
सोमवार को जब यह वीडियो सामने आया तो परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मृतक के पिता सुनील ने सदर कोतवाली में शिकायत देकर पुत्र की आत्महत्या के लिए पत्नी रागिनी राठौर, उसके कथित प्रेमी सूरज राठौर, ससुराल पक्ष के रवि राठौर और पत्नी की बहन सोनी को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि लंबे समय से हो रही मानसिक प्रताड़ना के कारण उनका बेटा यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ। उन्होंने वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपितों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वायरल वीडियो, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और परिजनों के बयान सहित सभी तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।