Jamshedpur News: जमशेदपुर के करनडीह फाटक के पास लंबे समय से बंद पड़ी जल निकासी व्यवस्था अब स्थानीय लोगों के लिए समस्या बन गई है. नाली जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है, जिससे लोगों को आने-जाने में बहुत परेशानी हो रही है और इलाके में संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. इस मामले को बहुत गंभीर मानते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद क्षेत्र संख्या-9 की सदस्य पूर्णिमा मल्लिक ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
नाली बंद होने से सड़क पर गंदे पानी की धारा बह रही है
पूर्णिमा मल्लिक ने अपने पत्र में बताया कि करनडीह फाटक के पास कई सालों से बनी नाली के जरिए आसपास के कई घरों और फ्लैटों का पानी बाहर निकलता था. लेकिन कुछ ग्रामीणों ने अपने खेतों में पानी जाने की आशंका जताते हुए नाली का रास्ता बंद कर दिया. इसके बाद पूरे इलाके का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने लगा और अब लोगों को रोजाना इसी पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है.
हजारों लोग प्रभावित, बीमारी फैलने की आशंका
उन्होंने कहा कि जल निकासी ठप होने से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं. लगातार गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संक्रामक बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है.
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रभावित स्थान के पास एक मंदिर स्थित है. मंदिर के आसपास गंदा पानी बहने से श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है और धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं. स्थानीय लोगों ने इसे जल्द ठीक कराने की मांग उठाई है.
उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग
जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर बंद नाली को जल्द खुलवाया जाए और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.