ग्रामीणों ने अवैध खनन का लगाया आरोप
ग्रामीणों के अनुसार ओडिया मौजा के लायाडीह, चिरूडीह और आसपास के क्षेत्र में खाता संख्या 624 के प्लॉट संख्या 4546 और प्लॉट संख्या 988 की भूमि पर लंबे समय से पत्थर खनन किया जा रहा है. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि निर्धारित क्षेत्र से अधिक भूमि में करीब 20 वर्षों से खनन गतिविधियां चल रही हैं. ग्रामीणों का यह भी दावा है कि ग्रामसभा की सहमति के बिना खदान से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं.
स्वास्थ्य, पर्यावरण और सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
ज्ञापन में कहा गया है कि खदान के आसपास स्कूल, आवासीय क्षेत्र और गोचर भूमि मौजूद है. साथ ही गांव के बीच से 11000 वोल्ट की बिजली लाइन भी गुजर रही है. ग्रामीणों का दावा है कि विस्फोट, धूल और प्रदूषण के कारण बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इसके अलावा खेती, जल स्रोत, पर्यावरणीय संतुलन और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को भी खतरा होने की आशंका जताई गई है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि ओडिया पंचायत और लायाडीह गांव के लोगों ने सर्वसम्मति से पत्थर खनन बंद कराने का निर्णय लिया है. उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने और खनन कार्य पर रोक लगाने की मांग की है. ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को भी भेजी गई है. समाचार लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.