गांव लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, बड़काडीह गांव निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव, 24 वर्षीय चरकू उरांव और सूरज उरांव एक ही बाइक पर सवार थे. रास्ते में मछली खरीदने के लिए वे खरका की ओर चले गए. खरका पुल के पास पहुंचते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह पुल से नीचे जा गिरी. हादसे में मंगरा उरांव और चरकू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज उरांव ने समय रहते बाइक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली. उसे मामूली चोटें आई हैं.
अस्पताल में दो को मृत घोषित किया गया
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जांच के बाद डॉक्टरों ने मंगरा उरांव और चरकू उरांव को मृत घोषित कर दिया. घायल सूरज उरांव का प्राथमिक उपचार किया गया. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
हेलमेट नहीं पहनने की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. दुर्घटना में दोनों मृतकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उनकी मौत का प्रमुख कारण माना जा रहा है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. समाचार लिखे जाने तक हादसे के कारणों पर कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है.