Jharkhand News: सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर प्रखंड में बुधवार को एनएच-143 पर एक चलती ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. ट्रक से उठती तेज लपटों और धुएं के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया.
चलती ट्रक से उठीं तेज लपटें
यह घटना ठेठईटांगर प्रखंड के केरेया पंचायत स्थित केरयाघाटी के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चल रही थी तभी उसमें अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों ने किया प्रयास, दमकल ने बुझाई आग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी. सूचना मिलने पर सिमडेगा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.
कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
आग लगने की वजह से एनएच-143 पर कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. हालांकि दमकल की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो गई और यातायात फिर से शुरू कराया गया.
आग लगने के कारणों की होगी जांच
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और आग लगने के कारणों का पता लगाया जाएगा.