Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ में एक दुखद घटना घटी, जहां मंगलवार देर रात एक 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई. झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल का शव बुधवार सुबह गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाली सड़क किनारे मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
सड़क किनारे मिला शव, शरीर पर मिले कई जख्म
सुमित अग्रवाल के शरीर पर कई जख्म मिले हैं, जो धारदार हथियार से किए गए वार के निशान हो सकते हैं. घटनास्थल की जांच के दौरान उनकी चप्पल और नीले रंग की टी-शर्ट करीब 300 गज दूर सूर्य मंदिर के पास से मिली है. पुलिस ने दोनों सामान को जब्त कर लिया है और साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है.
मंगलवार शाम से थे लापता
सुमित अग्रवाल मंगलवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. उनके परिवार ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन पहले कॉल रिसीव नहीं हुआ और बाद में फोन बंद हो गया. बुधवार सुबह उनके शव मिलने की सूचना मिली. परिजनों के अनुसार, वह अपनी बाइक से घर से निकले थे, जिसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस कई पहलुओं से कर रही जांच
पुलिस इस मामले की जांच कई पहलुओं से कर रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके में जांच शुरू की है.
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
आपराधिक मामलों में पहले भी रहा था नाम
सुमित अग्रवाल का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था, जिनमें गांजा, विस्फोटक पदार्थ और प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाएं शामिल हैं. वह पूर्व में जेल भी जा चुका था. पुलिस इन तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बनाकर मामले की पड़ताल कर रही है.